Chandauli Gold Smuggling: चंदौली क्राइम ब्रांच का तगड़ा गुडवर्क! गियर बॉक्स के नीचे बना रखा था ‘गुप्त खजाना’, 3.92 करोड़ का सोना बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
चंदौली— बिहार से दिल्ली ले जाए जा रहे करीब 3.92 करोड़ रुपये कीमत के सोने को चंदौली पुलिस और स्वाट/SOG टीम ने बरामद कर लिया. पुलिस ने कार सवार दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. आरोपितों ने सोना कार के गियर बॉक्स के नीचे बनाए गए विशेष बॉक्स में छिपा रखा था. उनके कब्जे से 2.565 किलो से अधिक पीली धातु, पांच मोबाइल फोन और कार बरामद हुई है.
पुलिस के अनुसार बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की KIA Carens कार से दो व्यक्ति अवैध सोना लेकर बिहार से दिल्ली की ओर जा रहे हैं। सूचना पर चंदौली थाना पुलिस और स्वाट/SOG टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर वाहनों की चेकिंग शुरू की.
इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने वाहन को भगाकर निकलने की कोशिश की. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया. पूछताछ में चालक ने अपना नाम जुबेर मुबारक शेख, निवासी शांगली, महाराष्ट्र और दूसरे व्यक्ति ने मनीष कुमार, निवासी फतेहाबाद, हरियाणा बताया.
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि कार के गियर बॉक्स के नीचे एक विशेष बॉक्स बनाकर उसमें सोना छिपाया गया है. उनकी निशानदेही पर बॉक्स खोलकर जांच की गई तो कपड़े के बेल्ट में टेप से लपेटकर रखी गई दो सिल्लियों में पीली धातु बरामद हुई.
बरामद धातु का वजन 2 किलो 565.720 ग्राम निकला. सरकारी वैल्यूअर ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये बताई. दोनों आरोपित सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके.
पुलिस ने बरामदगी की सूचना आयकर विभाग और राजस्व आसूचना विभाग को दी. संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में सोने की जांच कराई गई. आयकर विभाग की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद पीली धातु विदेश में निर्मित सोना है. कार्रवाई के बाद सोना नियमानुसार राजस्व आसूचना विभाग को सुपुर्द कर दिया गया.पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
स्वाट/SOG टीम — प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, मुख्य आरक्षी राणा प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी अरविंद भारद्वाज, मुख्य आरक्षी रामानंद यादव, मुख्य आरक्षी आशुतोष सिंह, मुख्य आरक्षी सतीश सिंह, आरक्षी अमित सिंह और आरक्षी महेश कुमार.