चंदौली— मुगलसराय जीटीआर ब्रिज से चहनिया जाने वाले मार्ग पर राम मंदिर के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुगलसराय पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक, मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद बरामद किए.
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान वीआईपी गेट की तरफ से चहनिया की ओर आ रहे बाइक सवार को रोककर कागजात मांगे गए. वह बाइक के कागजात नहीं दिखा सका। बाइक पर लगी नंबर प्लेट UP67BR5507 को चेक करने पर कोई विवरण नहीं मिला। इसके बाद चेचिस और इंजन नंबर की जांच की गई तो बाइक का वास्तविक पंजीकरण नंबर UP61BJ5361 और स्वामी का नाम सामने आया.
जांच में पता चला कि बाइक पिछले वर्ष आजमगढ़ के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी. वाहन स्वामी ने 22 फरवरी 2025 को चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपित ने बाइक चोरी करने और पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाने की बात स्वीकार की.
गिरफ्तार आरोपित की पहचान राजन राय (20) पुत्र विशेश्वर राय, निवासी सेवड़ी मड़ई, थाना बलुआ, चंदौली के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश, हेड कांस्टेबल नंदलाल सरोज, कांस्टेबल बन्टी सिंह और रिजर्व कांस्टेबल अजीत कुमार शामिल रहे.









