चंदौली— जनपद में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं ने सदर कोतवाली पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अधीक्षक की क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त हिदायत दिए जाने के बावजूद चोरी की वारदातों पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है. ताजा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के फुटिया गांव का है, जहां बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. हालांकि मामला अभी तक संदिग्ध बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, फुटिया गांव निवासी अनिल कुमार सिंह उर्फ़ पप्पू के घर में घुसक़र चोरों ने करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया. लाखों की चोरी की इस वारदात से गांव के लोगों में भी भय और आक्रोश का माहौल है. चोरी करीब 2 दिन पहले की बताई गई है.
गौरतलब है कि सदर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी इलाके में कई बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. घरों और मंदिरों को भी चोर निशाना बना चुके हैं. लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद चोरी की वारदातों पर प्रभावी रोक नहीं लग पाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की गश्त व्यवस्था का उन्हें कोई खौफ नहीं रह गया है. लोगों ने क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है. साथ ही सदर कोतवाली प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्हें हटाने की मांग भी की है.
अब बड़ा सवाल यह है कि क्राइम मीटिंग में दिए गए निर्देशों के बाद भी चोरी की घटनाओं पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही है? फुटिया गांव की लाखों की चोरी का खुलासा कब होगा और क्षेत्र के लोगों को चोरों के आतंक से कब राहत मिलेगी?










