VDA कॉलोनी में किराए के कमरे से 58 वर्षीय सत्यभामा श्रीवास्तव का शव बरामद, पूरी तरह सड़ चुका था शव; मौत की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी —
चंदौली—मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक नगर चौकी अंतर्गत VDA कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किराए के कमरे से 58 वर्षीय महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ. कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर देखा तो महिला का शव बुरी तरह सड़ चुका था. शव की हालत देखकर इलाके में हड़कंप मच गया.
मृतका की पहचान सत्यभामा श्रीवास्तव (58 वर्ष) के रूप में हुई है. वह रामनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित पारले कंपनी में काम करती थीं और VDA कॉलोनी में किराए के कमरे में अकेले रहती थीं. पड़ोसियों के मुताबिक, महिला को आखिरी बार 20 अक्टूबर तक देखा गया था. इसके बाद वह दिखाई नहीं दीं. किसी को अंदेशा नहीं था कि कमरे के अंदर उनकी मौत हो चुकी है.
30 साल पहले उजड़ गया था सुहाग, अकेले कर रही थीं जीवनयापन —
बताया जा रहा है कि सत्यभामा श्रीवास्तव का मायका जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के लेधुका बाजार में है. करीब 30 साल पहले उनकी शादी सुल्तानपुर जिले के कोइरीपुर गांव थाना छतौना में हुई थी. शादी के कुछ समय बाद ही पति की मृत्यु हो गई थी. इसके बाद वह मायके आ गईं और बाद में रोजगार के सिलसिले में औद्योगिक नगर की VDA कॉलोनी में किराए का कमरा लेकर रहने लगीं. वह पारले कंपनी में काम कर अपना जीवनयापन कर रही थीं
बदबू ने खोला राज, पुलिस कर रही जांच —
स्थानीय लोगों के अनुसार, कमरे से अचानक तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी गई. औद्योगिक नगर चौकी प्रभारी सूरज रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के मुताबिक, शव कई दिनों पुराना था और पूरी तरह सड़ चुका था. मृतका के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की. फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है.
हादसा, बीमारी या कोई और वजह? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार —
अकेले कमरे में रह रही महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, अभी तक किसी आपराधिक घटना की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. मामले में परिस्थितियों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है.









