चंदौली—धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गावां इलाके में शनिवार को मिले दो युवकों के शव मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है. पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिसके बाद परिवार के लोग उन्हें घर ले गए. दोनों इकलौते बेटों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घर में मातम पसरा रहा और हर आंख नम दिखाई दी. उधर, दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए चंदौली क्राइम ब्रांच और धीना पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश में दबिश दे रही है.
घटना के बाद से फरार बताए जा रहे चाचा और परिवार के सदस्य —
इस मामले में मेढ़वा गांव के चाचा और परिवार के कुछ सदस्यों के घर छोड़कर फरार होने की बात सामने आ रही है. घर पर ताला लटका है. हालांकि, उनकी भूमिका और फरार होने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, वारदात में करीब एक दर्जन लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस संदिग्धों की पहचान और घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
कहीं और हत्या कर स्कॉर्पियो से शव लाने की आशंका —
सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि दोनों युवकों की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई और बाद में काली स्कॉर्पियो से शव लाकर डेढ़गावां इलाके में फेंक दिए गए. हालांकि, वारदात की वास्तविक जगह, शवों को लाने में वाहन के इस्तेमाल और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. जांच टीम आसपास के क्षेत्रों, संभावित साक्ष्यों और संदिग्धों की गतिविधियों को खंगाल रही है, ताकि घटना की असल वजह सामने आ सके.
सिद्धार्थ के परिवार के पास थी अच्छी-खासी संपत्ति —
सूत्रों के अनुसार, मृतक सिद्धार्थ के पिता एयरफोर्स में कार्यरत थे, जिनकी काफी समय पहले मृत्यु हो गई थी. बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ अपनी मां के साथ कानपुर में रहता था, जबकि गांव में परिवार की खेती, कटरा और संपत्ति थी. वह कभी-कभार ही गांव आता था. इसी संपत्ति को लेकर रिश्तेदारों या पड़ोसियों के बीच किसी तरह का विवाद था या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल अब तक के जांच में संपत्ति विवाद को हत्या की वजह सामने आ रही है.
सागर त्रिपाठी भी था माता-पिता का इकलौता बेटा —
दूसरे मृतक सागर त्रिपाठी को लेकर भी परिवार और परिचितों में गहरा शोक है. बताया जा रहा है कि वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और कानपुर में उसके परिवार की अच्छी-खासी संपत्ति थी. सागर को लग्जरी गाड़ियों का शौक था और वह अपने रहन-सहन को लेकर भी चर्चा में रहता था. दोनों युवकों की दोस्ती और आपसी संबंधों को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं हैं. जिगरी दोस्ती के बीच दोनों की मौत ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
हर एंगल पर जांच, जल्द खुलासे की उम्मीद —
दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस पर मामले का जल्द खुलासा करने का दबाव है. क्राइम ब्रांच और धीना पुलिस की टीमें लगातार दबिश देकर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं. सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच-पड़ताल कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है. अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि दो युवकों की हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और इस वारदात में कौन-कौन शामिल था.









