Chandauli News: मुगलसराय नगर पालिका में विवाद: अधिशासी अभियंता का कॉलर पकड़ने का आरोप, आफताब बोले—4 महीने से खराब लाइट के लिए काट रहा था चक्कर; दोनों पक्षों ने रखा अपना बयान
चार महीने से खराब लाइट को लेकर कार्यालय के चक्कर काटने की बात पर आफताब आलम ने रखा अपना पक्ष, मुगलसराय कोतवाली में घंटों चली पंचायत —
चंदौली— नगर पालिका कार्यालय में बुधवार देर शाम अधिशासी अभियंता के साथ कथित बदसलूकी को लेकर विवाद सामने आया है. चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद के अनुसार, आफताब नामक युवक ने पहले फोन पर गाली-गलौज की और फिर कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता का कॉलर पकड़ लिया. घटना के बाद मामला गरमा गया और दोनों पक्ष मुगलसराय कोतवाली पहुंच गए, जहां घंटों पंचायत चली.
चार महीने से खराब लाइट को लेकर कार्यालय के चक्कर काटने का दावा —
वहीं, इस मामले में आफताब आलम के भतीजे अमीर आलम ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उनके मुहल्ले की लाइट खराब थी. इसे ठीक कराने के लिए वह करीब चार महीने से नगर पालिका के अधिशासी अभियंता के कार्यालय का चक्कर काट रहे थे. इसी समस्या को लेकर बुधवार को उनकी अधिशासी अभियंता से पहले फ़ोन पर बहस हुई. उसके बाद नगर पालिका कार्यलय में विवाद हुआ. दूसरे पक्ष की ओर से भी विवाद को लेकर अपना पक्ष रखा गया है.
कोतवाली में हंगामा करते कर्मचारी —
कर्मचारियों ने दी कामकाज ठप करने की चेतावनी —
घटना के बाद नगर पालिका कर्मचारियों ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वे अगले दिन से कामकाज ठप कर देंगे.
चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद —
तहरीर के आधार पर जांच में जुटी पुलिस —
मामले में मुगलसराय कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है. इस संबंध में थाना अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.
फिलहाल, खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर शुरू हुआ विवाद अब अधिशासी अभियंता से कथित बदसलूकी और कर्मचारियों की कार्रवाई की मांग तक पहुंच गया है. पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.