चंदौली—जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में जमीन के बंटवारे और भूत-प्रेत को लेकर चल रहा पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. शुक्रवार की देर शाम कथित तौर पर भतीजे और उसके बेटे ने लाठी-डंडों से हमला कर चाचा-चाची को गंभीर रूप से घायल कर दिया. वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान शनिवार की सुबह चाचा संग्राम (60) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी माया का इलाज चल रहा है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
जमीन के बंटवारे और भूत-प्रेत को लेकर लंबे समय से था विवाद —
जानकारी के अनुसार, मृतक संग्राम मूल रूप से महादेव गांव के निवासी थे और वर्तमान में शाहपुर गांव में रह रहे थे. उनके भाई स्वर्गीय रामसूरत के परिवार से जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच भूत-प्रेत को लेकर भी विवाद बना हुआ था. ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों पक्षों के कुछ लोग ओझा-सोखा का काम भी करते थे, जिसके चलते आपसी तनाव बना रहता था.
जमीन बेचने के बाद हिस्से के पैसे को लेकर हुई कहासुनी —
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को रामसूरत का पुत्र प्यारे अपने बेटे जितेंद्र के साथ संग्राम के घर पहुंचा. आरोप है कि दोनों ने जमीन बेचने के बाद हिस्से का पैसा लेने के लिए संग्राम को साथ चलने के लिए कहा. इसके बाद संग्राम अपनी पत्नी माया के साथ उनके साथ चले गए। गांव के बीच स्थित कुएं के पास पहुंचने पर जमीन के बंटवारे और भूत-प्रेत को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
लाठी-डंडों से हमले में दंपती गंभीर रूप से घायल —
आरोप है कि कहासुनी के दौरान प्यारे और उसके बेटे जितेंद्र ने संग्राम और उनकी पत्नी माया पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण संग्राम की हालत नाजुक हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद संग्राम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान संग्राम ने तोड़ा दम —
वाराणसी के ट्रामा सेंटर में संग्राम का उपचार चल रहा थाm हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार की सुबह उनकी मौत हो गई. संग्राम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के तीन पुत्र हैं. वहीं, उनकी पत्नी माया का उपचार जारी है.
दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज —
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इस संबंध में पीडीडीयू क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जमीन और भूत-प्रेत को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था. मृतक के शव का पोस्टमार्टम वाराणसी में कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि मामले में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस प्रकरण की जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.









