चंदौली—जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है. संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार करते हुए 1185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है. बरामद शराब की कुल मात्रा 10,451.52 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये है.
पुलिस के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक स्वाट टीम राम जनम यादव, प्रभारी सर्विलांस टीम उमेश मिश्र तथा सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान चंदौली की तरफ से आ रहे अशोक लीलैंड ट्रक संख्या MH 18 BZ 7720 को पुलिस ने रोका.
पुलिस को देखकर चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 1185 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई.
बरामद शराब में King’s Gold, Imperial Blue, McDowell’s, Party Special और Super Jubilee जैसे विभिन्न ब्रांड शामिल हैं. पुलिस के अनुसार तस्करों ने शराब को छिपाने के लिए ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियां रखी थीं, ताकि चेकिंग के दौरान पुलिस को गुमराह किया जा सके.
हरियाणा से बिहार पहुंचाई जा रही थी शराब —
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी। इसके एवज में उसे एक लाख रुपये मिलने थे. पुलिस के अनुसार तस्करी के इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेरा राम उर्फ शेरा कुमार पुत्र वाला राम, निवासी टुकरोली, थाना सिमरी, तहसील सिमरी, जनपद बाड़मेर, राजस्थान, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई है.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 293/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम, थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई —
चंदौली पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खेप किसके इशारे पर भेजी गई थी और इसके पीछे तस्करी के नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं.









