चंदौली— धानापुर थाना क्षेत्र के बिरना गांव में बंद पड़े नवनिर्मित मकान को चोरों ने निशाना बना लिया. पीछे के रास्ते से मकान में दाखिल हुए चोरों ने कमरे में रखी करीब 1.60 लाख रुपये की नगदी सहित घरेलू सामान पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
बताया जा रहा है कि बिरना गांव निवासी भानू चौहान ने गांव के बाहर एक नवनिर्मित मकान बनवाया है. मकान अभी बंद था और उसमें पीड़ित के मुताबिक करीब 1.60 लाख रुपये नगद तथा कुछ घरेलू सामान रखा हुआ था. इसी दौरान चोर पीछे के रास्ते से मकान में घुसे और नगदी व सामान लेकर फरार हो गए.
घटना की जानकारी मकान मालिक को हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी.
पुलिस को घटना से जुड़े CCTV फुटेज भी मिले हैं, जिसमें संदिग्ध चोर नजर आने की बात कही जा रही है. फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है.
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि नवनिर्मित मकान में चोरी की सूचना मिली है. पीड़ित के अनुसार मकान में करीब 1.60 लाख रुपये नगद और घरेलू सामान रखा था, जिसे चोर ले गए. CCTV फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए हैं. मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.









