चंदौली—जनपद में ऑटो के जरिए टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. ताजा मामला बनारस से चंदौली आ रही महिला से जुड़ा है, जिसने आरोप लगाया है कि ऑटो में यात्रा के दौरान उसका बैग गायब हो गया. बैग में करीब 2000 नकद, दो सोने की अंगूठियां, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ATM कार्ड और टाइटन की घड़ी समेत अन्य सामान रखा था.
पीड़िता स्निग्धा कुमारी ने बताया ऑटो में पहले से बैठे दो महिलाएं और एक युवक सदर कोतवाली क्षेत्र के संगम स्वीट हाउस के पास उतर गए. इसके बाद जब महिला ने अपना बैग देखा तो वह गायब था. शिकायत में ऑटो का नंबर UP67 AT8735 भी दर्ज कराया गया है.
दूसरे थाना क्षेत्र का हवाला देकर टालने का आरोप —
पीड़िता का आरोप है कि शिकायत लेकर पहुंचने पर संबंधित चौकी प्रभारी दूसरे थाना क्षेत्र यानी मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र का मामला बताकर टरकाने का प्रयास किया गया. मामले में चौकी स्तर पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठे. इसके बाद अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया.
अब सवाल यह है कि ऑटो में महिला का बैग आखिर किसने गायब किया? पहले से बैठे यात्री कौन थे और शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं हुई? पुलिस जांच में इन सवालों के जवाब तलाशे जाने हैं.









