चंदौली—सदर कोतवाली क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला पं.कमला पति संयुक्त चिकित्सालय जिला अस्पताल चंदौली से सामने आया है, जहां इलाज के सिलसिले में पहुंचे राजकुमार पुत्र मोतीलाल, निवासी अम्मर डहियां, पोस्ट तियरी, थाना बबुरी, जनपद चंदौली की बाइक चोरी हो गई.
पीड़ित के मुताबिक उसकी UP67Y2672 नंबर की बाइक पं. कमला पति संयुक्त चिकित्सालय के बाहर खड़ी थी. कुछ देर बाद लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली. काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद पीड़ित ने सदर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई. मामले में 08 सितंबर 2026 को पुलिस द्वारा तहरीर लेने के बाद मुकदमा पंजीकृत किया गया. जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक तरुण कुमार कश्यप को दी गई है.
लगातार बाइक चोरी की घटनाओं के बीच जिला अस्पताल परिसर पर भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. आखिर चोर इतनी आसानी से बाइक लेकर फरार कैसे हो रहे हैं और पुलिस की निगरानी के बावजूद चोरी की घटनाओं पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है?
जिला अस्पताल बाइक चोरों के लिए सॉफ्ट टारगेट बनता जा रहा है या सुरक्षा व्यवस्था में कहीं बड़ी चूक है? यह सवाल अब आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
पीड़ित को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही चोरी गई बाइक बरामद करने के साथ-साथ वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों तक पहुंचेगी. अब निगाहें सदर कोतवाली पुलिस की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं.









