चंदौली—जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. रक्षाबंधन पर पत्नी के मायके जाने से नाराज पति बुधवार दोपहर उसकी विदाई कराने ससुराल पहुंचा था. इसी दौरान ससुराल में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिससे क्षुब्ध होकर युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया.
युवक की पहचान सुरेंद्र मौर्या पुत्र लक्ष्मण मौर्या, निवासी बभनगावा, थाना पन्नूगंज, सोनभद्र के रूप में हुई है. सुरेंद्र की शादी चकरघट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम बैरडाढ़ निवासी सविता मौर्या, पुत्री रामदास मौर्या से हुई है.
विषाक्त पदार्थ खाने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ में भर्ती कराया. प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय चंदौली रेफर कर दिया.
फिलहाल जिला अस्पताल में युवक का इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के मुताबिक अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.









