चंदौली—सैयदराजा थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद विवाहिता ने कथित तौर पर अपने ऊपर केरोसिन तेल डालकर आग लगा ली. गंभीर रूप से झुलसी महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल चंदौली ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया. ट्रामा सेंटर में हालत बिगड़ने के बाद परिजन उसे वाराणसी के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां इलाज के दौरान शनिवार की दोपहर उसकी मौत हो गई.
मृतका की पहचान सोनाली (19) के रूप में हुई है. प्रार्थी रामसुंदर द्वारा सैयदराजा थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक सोनाली की शादी करीब छह माह पूर्व 26 फ़रवरी 2026 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सैयदराजा थाना क्षेत्र के फेसुड़ा गांव निवासी विकास प्रजापति पुत्र राजेंद्र प्रजापति के साथ हुई थी.
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही सोनाली के ससुराल पक्ष के लोग एक लाख रुपये दहेज़ कि मांग कर रहे थे. आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी.
परिजनों के अनुसार 28 अगस्त की शाम करीब 3 बजे दहेज की मांग को लेकर घर में विवाद हुआ. आरोप है कि सोनाली के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई, जिसके बाद उसने कथित तौर पर केरोसिन तेल डालकर खुद को आग लगा ली. गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे पहले जिला अस्पताल चंदौली और फिर ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया. हालत बिगड़ने पर उसे वाराणसी के पॉपुलर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार की दोपहर एक उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद मायके पक्ष ने सैयदराजा थाने पहुंचकर तहरीर दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति विकास प्रजापति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.









