चंदौली—धानापुर थाना क्षेत्र के ओढ़वला गांव में जमीनी विवाद को लेकर सोमवार की देर रात हवाई फायरिंग किए जाने के आरोप से पुलिस महकमे में हलचल मच गई. एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक वृद्ध समेत दो लोगों पर मुंह बांधकर देर रात हवाई फायरिंग करने का आरोप लगाया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
बताया जा रहा है कि घटना के समय देर रात बारिश हो रही थी और आरोप लगाने वाला पक्ष अपने घर में सो रहा था. इसी दौरान हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया गया. हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लगा.
धानापुर थाना प्रभारी के अनुसार, करीब दो दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर पुलिस ने 107/16 के तहत कारवाई की थी. इसी विवाद को लेकर फायरिंग का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है.
पुलिस का कहना है कि फिलहाल फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं हुई है. मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं.









