चंदौली—नेशनल हाईवे-19 पर मंगलवार की देर रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस समय हुआ जब वाराणसी की ओर से आ रही एक कार सड़क पर मौजूद छोटे जानवर से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई और आगे खड़े टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी.
मृतकों की पहचान टिंकू पासवान पुत्र मिठाई पासवान, निवासी डाक बंगला वार्ड नंबर-5, चंदौली और दूसरे का तुलसी पुत्र अवध बिहारी निवासी खोजवा, नई बाजार वाराणसी के रूप में हुई है. तुलसी की बुधवार सुबह ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हुई.
हादसे में घायल निक्कू राय पुत्र जनार्दन राय निवासी कैली रोड चंदौली का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है. चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है.
दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि देर रात घटना घटित हुई है. इस घटना में इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई है. शव कब्जे में लेकर पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है.









