चंदौली—जिले की मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने ऑटो में सवारी बैठाकर रास्ता बदलकर लूट करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से लूट का रियलमी 6i मोबाइल फोन और पांच सौ नकद बरामद किए हैं. घटना में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान सुहेल उर्फ माडल के रूप में हुई है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात करीब डेढ़ बजे वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर निवासी महेश पाल मुगलसराय स्टेशन से पड़ाव जाने के लिए ऑटो में सवार हुए थे. आरोप है कि ऑटो चालक और उसके साथी ने निर्धारित रास्ते से अलग ले जाकर महादेवपुर के पास रिंग रोड पर उनका मोबाइल फोन और पर्स में रखे 2500 छीन लिए. इसके बाद गाली-गलौज करते हुए दोनों मौके से फरार हो गए.
पीड़ित की तहरीर पर मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. इसी क्रम में 16 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने चंधासी-हरिशंकरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर कुनाल आलम (21) पुत्र शहजाद आलम, निवासी काली महाल, मुगलसराय को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग का रियलमी 6i मोबाइल फोन और 500 नकद बरामद हुए. पुलिस के मुताबिक मोबाइल फोन पीड़ित का लूटा हुआ मोबाइल है. पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सुहेल उर्फ माडल (26) के साथ मिलकर वारदात करने की बात बताई। आरोपी के कब्जे से बरामद 500 को भी लूट की रकम का हिस्सा बताया गया है









