चंदौली— जनपद के पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) स्थित शिवधाम कॉलोनी, लोहरा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक शिवानंद दुबे एवं गृहिणी कनकलता दुबे की पुत्री तनुप्रिया दुबे का चयन बिहार राज्य विश्वविद्यालय आयोग द्वारा असिस्टेंट प्रोफेसर (इतिहास) के पद पर हुआ है. इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
तनुप्रिया दुबे ने अपनी स्नातक एवं स्नातकोत्तर की शिक्षा Banaras Hindu University से पूरी की. इसके बाद उन्होंने इतिहास विषय में यूजीसी-नेट (UGC-NET) परीक्षा उत्तीर्ण की. वर्तमान में वह Kumaun University (कुमाऊं यूनिवर्सिटी) से इतिहास विषय में पीएचडी कर रही हैं. उनके शोध कार्य का मार्गदर्शन डॉ. रश्मि पंत कर रही हैं.
तनुप्रिया दुबे —
तनुप्रिया की प्रारंभिक शिक्षा गाजीपुर जिले के करंडा स्थित सरकारी विद्यालय से हुई. उन्होंने बताया कि 24 जुलाई को साक्षात्कार हुआ था, जिसके बाद 1 अगस्त को उनका चयन असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए घोषित किया गया.
अपनी सफलता पर तनुप्रिया ने इसका श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता मिली है.
परिवार की शैक्षिक पृष्ठभूमि भी प्रेरणादायक रही है. उनकी बड़ी बहन अनुप्रिया दुबे उत्तराखंड स्थित मदरहुड यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके भाई गौरव दुबे पं.दीनदयाल उपाध्याय नगर के रविनगर एसजी पब्लिक स्कूल में अंग्रेजी के शिक्षक हैं.
तनुप्रिया की इस उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.