चंदौली— जिले के 12 केंद्र पर गुरुवार से यूपीटीईटी परीक्षा शुरू होगी. परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है. 2 जुलाई से शुरू होकर तीन और चार जुलाई को जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. इसमें करीब 30 हजार परीक्षार्थी के शामिल होने की संभावना है.
परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, बायोमीट्रिक सत्यापन और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. जिला प्रशासन ने परीक्षा के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के रेलवे स्कूल, नगर पालिका इंटर कॉलेज, लाल बहादुर शास्त्री बालिका इंटर कॉलेज पीडीडीयू नगर, महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज चंदौली, नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा, सकलडीहा इंटर कॉलेज व महाविद्यालय, अशोक इंटर कॉलेज बबुरी समेत जिले के 12 शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया है. परीक्षा तीनों दिनों में दो पालियों में होगी।
पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक संचालित होगी. परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी का बायोमीट्रिक सत्यापन और गहन तलाशी होगी.









