चंदौली—उत्तर प्रदेश में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दी. इसी क्रम में रविवार को वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्णा ने जनपद चंदौली के कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया.

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मुगलसराय स्थित नगर पालिका इंटर कॉलेज और बबुरी अशोका इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा के समय गहन समीक्षा की और केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा कक्षों तक की व्यवस्था का निरीक्षण किया. साथ ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को भी परखा. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता की जांच करते हुए तैनाती की स्थिति का भी आकलन किया.
डीआईजी ने मौके पर मौजूद कक्ष निरीक्षकों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि परीक्षा की गरिमा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए. इस मौके पर चंदौली पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर सहित पुलिस बल मौजूद रही.





