चंदौली— सैयदराजा थाना क्षेत्र के डीलिया गांव में 35 वर्षीय युवक शमशेर चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शमशेर चौहान गांव के निवासी थे और दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी पिछले करीब दो वर्षों से किसी कारणवश नाराज होकर मायके में रह रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि युवक अत्यधिक शराब पीने के बाद सो गया था। काफी देर तक नहीं उठने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि युवक ने जहर का सेवन किया था, जिसके चलते उसकी मौत हुई। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
Chandauli News: चंदौली के डीलिया गांव में युवक की संदिग्ध मौत, जहर सेवन और अत्यधिक शराब की चर्चा के बीच पुलिस जांच में जुटी
अगला लेख





