नौबतपुर नेशनल हाईवे पर 45 घनमीटर मोरम लदे ट्रक की जांच में खुली पोल, पुराने चालान का भी हुआ खुलासा —
चंदौली—जनपद में खनिज के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई के दौरान नौबतपुर नेशनल हाईवे पर जांच करने पहुंची खनन विभाग की टीम को वाहन चालक के विरोध का सामना करना पड़ा. मामले में चालक पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्र व्यवहार करने और मौके पर भीड़ एकत्र कर शांति भंग करने का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है.
26 अक्टूबर की दोपहर खान निरीक्षक सिद्धार्थ शंकर पाण्डेय, खान अधिकारी प्रदीप कुमार राज और पीआरडी अशोक कुमार के साथ नौबतपुर नेशनल हाईवे पर उपखनिजों के परिवहन की जांच कर रहे थे. इसी दौरान वाहन संख्या UP 62 CT 2440 की जांच की गई. वाहन पर लगभग 45 घनमीटर मोरम लदी हुई थी.
जांच के दौरान चालक से मोरम के परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र मांगे गए, लेकिन वह कोई प्रपत्र नहीं दिखा सका. ई-चेकिंग में भी खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले. जांच में वाहन पर खनन विभाग का एक पुराना चालान भी लंबित मिला, जिसकी धनराशि 5,983 रुपये बताई गई है.
इसके बाद ई-चालान के माध्यम से वाहन का 5,983 रुपये का चालान किया गया और चालक को संबंधित थाने ले जाने के निर्देश दिए गए. आरोप है कि चालक ने वाहन थाने ले जाने से इनकार कर दिया और मौके पर मौजूद खान अधिकारी के साथ बहस करते हुए अभद्र व्यवहार करने लगा. इस दौरान उसने तेज आवाज में चिल्लाकर भीड़ एकत्र करने और शांति भंग करने का प्रयास भी किया. मामले की सूचना मिलने पर सैयदराजा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस की सहायता से चालक को थाने ले जाया गया और वाहन को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया.
खान निरीक्षक सिद्धार्थ शंकर पाण्डेय की तहरीर के आधार पर वाहन स्वामी एवं चालक के विरुद्ध राजस्व की चोरी, अवैध खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग, सरकारी कर्मचारी के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने सहित संबंधित आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया गया है. इस संबंध में सैयद राजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.









