चंदौली—बेल्जियम से समुद्री रास्ते के जरिए भारत पहुंची एक विशालकाय ODC (Over Dimension Cargo) मशीन शुक्रवार को चंदौली के नौबतपुर पहुंच गई. करीब 200 से 340 टन वजनी बताई जा रही इस मशीन को विशेष रूप से तैयार किए गए 308 पहियों वाले विशालकाय ट्रक/काफिले के जरिए सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश के बलरामपुर ले जाया जा रहा है.
चंदौली के नौबतपुर में खड़ा है विशालकाय काफिला —
लंबे सफर के बाद शुक्रवार को ODC काफिला नौबतपुर के रास्ते चंदौली में प्रवेश कर गया. फिलहाल भारी-भरकम मशीन को नौबतपुर में खड़ा किया गया है. यहां से आगे यह काफिला उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के लिए रवाना होगा, जहां इसे चीनी मिल के एथेनॉल प्लांट में लगाया जाना है.
जानकारी के मुताबिक, यह मशीन एक शुगर मिल वेसल/बॉयलर है, जिसे बेल्जियम से समुद्री मार्ग के जरिए भारत लाया गया. मशीन को सबसे पहले ओडिशा के पारादीप पोर्ट पर उतारा गया. इसके बाद इसे विशेष मल्टी-एक्सल ट्रांसपोर्टर पर लादकर सड़क मार्ग से बलरामपुर के लिए रवाना किया गया.
308 पहियों वाले इस विशाल ट्रक और उस पर लदी मशीन को देखने के लिए लोगों में भी कौतूहल बना हुआ है. इतने बड़े आकार के माल की आवाजाही के कारण काफिले के गुजरने के दौरान मार्ग पर विशेष सावधानी बरती जा रही है.











