चंदौली—नेशनल हाईवे पर लौदा के पास देर रात तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में पिकअप सवार चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने में जुट गई.
बताया जा रहा है कि हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ. तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद चालक वाहन में फंस गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया.
मृतक की उम्र करीब 38 वर्ष बताई जा रही है. उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे तत्काल पहचान हो सके. वहीं, मृतक का मोबाइल फोन भी हादसे में टूट गया है, जिससे उसकी पहचान करने में पुलिस को परेशानी हो रही है.
अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है.









