चंदौली—आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जगदीश सराय में निःशुल्क भौतिक विज्ञान की कक्षाओं का शुभारंभ किया गया. यह पहल भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी डॉ. कृष्णानंद पांडेय की पहल पर शुरू की गई है.
निःशुल्क कक्षाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान विषय की मजबूत समझ विकसित कराने के साथ ही आईआईटी-जेईई, नीट-यूजी एवं सीयूईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है. कक्षाओं में बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग एवं एमएससी फिजिक्स की योग्यता रखने वाले शिक्षक अनिल विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान का अध्ययन कराएंगे.
शुभारंभ अवसर पर डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी के सपनों में बाधा नहीं बननी चाहिए. उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें सही दिशा एवं बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है. निःशुल्क शिक्षा की इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा.
उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. सही मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं.
इस दौरान विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला. विद्यार्थियों ने निःशुल्क कक्षाओं की शुरुआत को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उपयोगी बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की.
मैक्सवेल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की ओर से शुरू की गई यह निःशुल्क कोचिंग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक पहल के रूप में सामने आई है.











