चंदौली—जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के लोलापुर गांव में पत्नी को मायके से ले जाने को लेकर हुए विवाद में ससुर पर कटर से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित प्रदीप कुमार मौर्य ने पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार मौर्य की शादी 25 नवंबर 2024 को साक्षी सिंह के साथ हुई थी. पीड़ित का आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी का व्यवहार उसके परिवार के प्रति ठीक नहीं था और वह बार-बार मायके जाने की जिद करती थी.
पीड़ित के मुताबिक, 26 अगस्त को दोपहर करीब ढ़ाई बजे धर्मेंद्र कुमार सिंह, संतोष मौर्य समेत कुछ अन्य लोग उसके घर पहुंचे. आरोप है कि विपक्षीगण उसकी पत्नी को अपने साथ ले जाने लगे. जब प्रदीप के पिता रामाशंकर और दादी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो विवाद बढ़ गया.
आरोप है कि इसी दौरान धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कटर से हमला कर रामाशंकर को घायल कर दिया. पीड़ित ने दावा किया कि हमले में उनके हाथ की मुख्य नस कट गई और काफी खून बह गया. बीच-बचाव करने पहुंची दादी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है.
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया तथा उसके साथ घर का सामान और मोबाइल भी ले जाया गया. पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद विपक्षी पक्ष की ओर से परिवार को धमकी भी दी गई.
पीड़ित ने घटना की सूचना 112 नंबर पुलिस को देने की बात कही है. शिकायत में आरोपी पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की गई है. पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है.









