चंदौली—मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के पुलिस के प्रयासों के बीच चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है. नई बस्ती सर्कस रोड ककडहिया बस्ती स्थित एक मकान में अज्ञात चोर मुख्य दीवार फांदकर दाखिल हुए और कमरे में रखी अलमारी का ताला खोलकर सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य घरेलू सामान चोरी कर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया. पीड़ित ने मुगलसराय कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है.
ससुराल जाने के दौरान हुई चोरी —
जानकारी के अनुसार, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के ककरहिया बस्ती निवासी सतीश कुमार पुत्र स्वर्गीय विश्वनाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका मूल निवास सुसराल गांव ओड़वार में है. बीते 12 सितंबर 2026 को उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी मायके में थीं और वह भी ससुराल में रुके हुए थे. इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान को निशाना बना लिया.
आरोप है कि चोर घर की मुख्य दीवार फांदकर अंदर घुसे. इसके बाद कमरे में रखी अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे कीमती आभूषण और अन्य सामान चोरी कर लिया. चोरों ने घटना को इस तरह अंजाम दिया कि परिवार के घर लौटने तक उन्हें चोरी की जानकारी नहीं हो सकी.
सोने-चांदी के जेवरात समेत कई सामान गायब —
पीड़ित के मुताबिक, चोर अलमारी में रखे सोने के कंगन, एक जोड़ी कमर करधनी, चांदी की पायल, एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, चांदी की कमर करधनी सहित अन्य घरेलू सामान उठा ले गए. चोरी हुए सामान की पूरी कीमत का आकलन अभी नहीं हो सका है. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद कराने की गुहार लगाई है. पीड़ित सतीश कुमार की तहरीर पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है. कोतवाली पुलिस द्वारा चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है.









