चंदौली—बलुआ थाना क्षेत्र में बीते 8 सितंबर को हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर लापरवाह ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी संजय त्रिपाठी का पुत्र प्रदुम त्रिपाठी 8 सितंबर को ऑटो संख्या UP65RT3165 से यात्रा कर रहा था. ऑटो में अन्य लोग भी सवार थे. ताजपुर गांव के पास यादव कटरा स्थित दुकान के समीप पहुंचने पर तेज रफ्तार के कारण ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया.
हादसे में ऑटो सवार प्रदुम त्रिपाठी समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर पहुंचे लोगों ने सभी घायलों को चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान प्रदुम त्रिपाठी की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी रहा.
घटना के संबंध में मृतक के पिता संजय त्रिपाठी ने बलुआ थाने में तहरीर देकर ऑटो चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. तहरीर के आधार पर पुलिस ने 13 सितंबर 2026 को मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कमला यादव को सौंपी गई है.
बलुआ पुलिस दुर्घटना के कारणों, ऑटो चालक की लापरवाही और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है.









