हाईवे किनारे राम-जानकी मंदिर में चोरी: दानपेटी, घंटियां और वाद्य यंत्र ले उड़े चोर, बिना ताला तोड़े वारदात को दिया अंजाम, सदर कोतवाली में लगातार चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं चोर
चंदौली—जिला मुख्यालय स्थित सदर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कस्बा स्थित साव जी के पोखरे के पास हाईवे किनारे बने प्राचीन राम-जानकी मंदिर का है, जहां गुरुवार देर रात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए दानपेटी, पूजा में प्रयुक्त वाद्य यंत्र और कई घंटियां चोरी कर लीं। खास बात यह रही कि चोरों ने मंदिर का ताला नहीं तोड़ा, बल्कि दरवाजे के ऊपर लगे लोहे के हिस्से को मोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह जब श्रद्धालु मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे तो मंदिर के भीतर सामान बिखरा मिला और दानपेटी व अन्य सामान गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौके पर जुट गए। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस भी पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर परिसर और उसके आसपास शाम होते ही नशाखोरी तथा अन्य संदिग्ध गतिविधियां होती हैं, जिसकी शिकायत पहले भी की जा चुकी है। उनका आरोप है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण चोरों और असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस—