वाराणसी—पीलीकोठी क्षेत्र में एक्सिस बैंक की नई शाखा का उद्घाटन धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं के संदेश के साथ संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत समाजसेवक शैलेश चन्द्र वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद उन्होंने विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश का पूजन कर बैंक की उन्नति, कर्मचारियों की सफलता और ग्राहकों की समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत शहर मुफ़्ती मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी तथा अंजुमन इंतेज़ामिया मसाजिद कमेटी के संयुक्त सचिव एसएम यासीन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नई शाखा का शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी ने शाखा प्रबंधक अकरम अली और उनकी पूरी टीम को गले मिलकर बधाई दी तथा बैंक की निरंतर प्रगति और क्षेत्र की खुशहाली के लिए दुआ की। इस अवसर पर बैंक के क्लस्टर हेड मोहम्मद अश्फी, ऑप्स हेड प्रियंका सिंह, आकाश कुमार, मुहम्मद रज़ा सहित बैंक के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। शाखा प्रबंधक अकरम अली ने कहा कि एक्सिस बैंक सुरक्षित, भरोसेमंद और आधुनिक बैंकिंग सेवाओं के लिए जाना जाता है। पीलीकोठी और आसपास के व्यापारिक तथा रिहायशी क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस नई शाखा की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि बैंक ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग, बचत एवं चालू खाते, ऋण, निवेश और अन्य वित्तीय सेवाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराएगा। उद्घाटन समारोह में पूजन, दीप प्रज्वलन, फीता काटने और दुआओं के साथ नई शाखा की शुरुआत ने यह संदेश दिया कि काशी की पहचान केवल आध्यात्मिक नगरी के रूप में ही नहीं, बल्कि आपसी सौहार्द, सहयोग और साझा संस्कृति के शहर के रूप में भी आज कायम है।
Varanasi News: पूजन, दुआ और शुभकामनाओं के साथ शुरू हुई एक्सिस बैंक की नई शाखा, पीलीकोठी में नई शाखा के उद्घाटन समारोह में समाजसेवियों, धर्मगुरुओं और बैंक अधिकारियों की रही मौजूदगी

अगला लेख









