चंदौली- कोतवाली क्षेत्र के लतीफशाह बांध के पास गुरुवार को एक नवजात बच्चे के मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात को सुरक्षित कब्जे में लेकर तत्काल चकिया संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
जानकारी के अनुसार लतीफशाह स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगले के पास जमीन पर एक नवजात शिशु पड़ा मिला. स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना देर किए बच्चे को अस्पताल पहुंचाया.
चिकित्सकों के अनुसार नवजात की उम्र करीब एक सप्ताह बताई जा रही है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य है. समय रहते अस्पताल पहुंचाए जाने से बच्चे की जान सुरक्षित बच गई.
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस ने मामले की जानकारी चाइल्डलाइन और संबंधित विभागों को दे दी है, ताकि नवजात की देखभाल और आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके.
पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि नवजात को वहां कौन छोड़ गया. मामले की जांच जारी है.
Chandauli News: लतीफशाह बांध के पास जमीन पर मिला नवजात, इलाके में मची हलचल. चकिया कोतवाली पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
अगला लेख





