चंदौली—पीडीडीयू रेल मंडल के सासाराम-आरा रेलखंड पर स्थित गढ़हनी स्टेशन के समीप मंगलवार को पैसेंजर ट्रेन के सामने अचानक रेल पटरी पर ट्रैक्टर आ गया. घने कोहरे के बीच चालक ने लगातार दी जा रही सीटी को अनदेखा कर जबरदस्ती ट्रैक पार करने का प्रयास किया. इस दौरान लोको पायलट कोहरे के कारण काफी करीब आने पर इमरजेंसी ब्रेक लगाया, लेकिन तबतक ट्रैक्टर टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया. ट्रैक्टर चालक भाग निकला. मौके पर पहुंचे विभागीय कर्मचारियों ने गैस कटर से काटकर ट्रैक्टर को इंजन से अलग किया. इसके बाद पैसेंजर ट्रेन को निरस्त कर वापस आरा भेजा गया और यात्रियों को दूसरे ट्रेन से गंतव्य को भेजा गया. आरोपी चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश आरपीएफ टीम कर रही है. आरोपी चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को इंजन से अलग किया गया और रेलवे ट्रैक की जांच की गई. ट्रैक को सुरक्षित पाए जाने के बाद रेल परिचालन दोबारा शुरू किया गया.
सूचना मिलने पर रेलवे के उच्च अधिकारी घटनास्थल पहुंच गए. रेलवे प्रशासन ने आसपास से जुटे ग्रामीणों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक से हमेशा सुरक्षित दूरी बनाकर रखें. पैदल हो या वाहन से रेलवे ट्रैक हमेशा अधिकृत समपार से ही पार करें. ट्रैक पार करते समय सभी संकेतों एवं निर्देशों का पालन करें. क्योंकि ऐसी छोटी सी गलती बड़ा हादसा बन सकती है.





