चंदौली—शहाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पीड़ित पिता ने बुधवार को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 22 दिसंबर को उनकी नाबालिक पुत्री सुबह घर से बाहर शौच के लिए गई थी, इसी दौरान कुछ लोगों ने मिलकर उसका अपहरण कर लिया.
पीड़ित के अनुसार घटना के बाद से उन्होंने रिश्तेदारों व आसपास के गांवों में काफी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका. जब उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों से पुत्री के बारे में पूछताछ की तो वे गाली-गलौज करने लगे और उन्हें भगा दिया. इससे पीड़ित परिवार की चिंता और बढ़ गई. लाचार होकर पिता ने थाने में तहरीर देकर तीन लोगों को नामजद किया है। घटना के बाद से परिवार में दहशत और अनिश्चितता का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है.
इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है. किशोरी की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी





