चन्दौली—मुगलसराय पुलिस ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में फ़रार चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार थाना मुगलसराय में दर्ज मुकदमा संख्या 518/2025 और 519/2025 में भूमि बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी कर धनराशि हड़पने के मामले में अभियुक्त सुरेश पुत्र बब्बन निवासी सरौली थाना बलुआ फरार चल रहा था. जिसे गिरफ्तार किया गया है. जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और सुरेश चन्द निवासी गोलघर, वाराणसी बनकर जमीन विक्रय के नाम पर अपने खाते में धनराशि स्थानांतरित कराई.
बीते 18 अक्टूबर 2025 को वादी राजू निवासी ग्राम फुटिया, थाना चन्दौली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बैनामा कराने के नाम पर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए उसके साथ धोखाधड़ी कर रुपये हड़प लिए गए. इसी तरह वादी फराज निवासी ग्राम चौरहट, थाना मुगलसराय ने भी पहले से विक्रय हो चुकी संपत्ति का दोबारा बैनामा करने का झांसा देकर धनराशि ठगे जाने का आरोप लगाया था. दोनों मामलों में थाना मुगलसराय में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था.
पूछताछ में हाथ लगी अहम जानकारी—
पूछताछ के दौरान अभियुक्त के पास से एक ही नंबर के चार आधार कार्ड और एक पासबुक बरामद हुई. अभियुक्त ने बताया कि उसके सहयोगियों ने सभी कागजात लेकर आने को कहा था, लेकिन ठंड अधिक होने के कारण वह तैयारी नहीं कर सका, इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं. मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है.





