चंदौली— अलीनगर थाना क्षेत्र के यार्ड पोस्ट के समीप मुंबई मेल से कटकर आरपीएफ रफीगंज में तैनात दरोगा की मौत हो गई. यह हादसा डाउन यार्ड ओल्डकार शेड के पास हुई. सूचना मिलने पर अलीनगर पुलिस और आरपीएफ कर्मचारी मौके पर पहुंचे और छानबीन की. मृतक दारोगा विशाल तिवारी (26) जखनिया, जनपद मऊ के निवासी थे.
सोमवार की देर रात दारोगा विशाल मुंबई मेल पर सवार होकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर आ रहे थे. डाउन यार्ड ओल्डकार किलोमीटर पोल नंबर 673/8 के पास अचानक वह ट्रेन से गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. जानकारी होने पर आरपीएफ प्रभारी सहित अन्य कर्मचारी व स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई. अलीनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल चंदौली भेज दिया. इस सबंध में अलीनगर प्रभारी निरीक्षक अनिल पाण्डेय ने बताया मृतक दारोगा के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया गया है. जांच-पड़ताल की जा रही है.
6 माह पहले ट्रेनिंग के बाद रफीगंज में हुई थी तैनाती —
मृतक आरपीएफ दरोगा विशाल तिवारी की 6 माह पूर्व ट्रेनिंग के बाद बिहार के रफीगंज में तैनाती हुई थी. उनकी तैनाती को लेकर स्वाजन काफी काफी खुश थे. उनकी मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया. रोते-बिलखते परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए थे.






