चंदौली—सैयदराजा थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर गांव में रविवार दोपहर हैंडपंप की पाइप निकालते समय बड़ा हादसा हो गया. करीब 20 फीट लंबी पाइप ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार से छू गई, जिससे चार लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रीतमपुर निवासी रामकृष्ण मौर्य उर्फ किसान पुत्र गिरिजा शंकर अपने घर के बगल स्थित खेत में हैंडपंप ठीक कराने के लिए पाइप निकलवा रहे थे. पाइप निकालने में उनके पुत्र रमेश, मिस्त्री पिंटू पुत्र सुभाष तथा दिलमुहम्मद पुत्र इस्लाम, निवासी मोहम्मदपुर, सहयोग कर रहे थे. इसी दौरान करीब 20 फीट लंबी पाइप ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तार के संपर्क में आ गई. तार छूते ही चारों लोग करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया.
इस संबंध में सैयद राजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि हादसे में मिस्त्री पिंटू (33) पुत्र सुभाष निवासी मोहम्मदपुर की मौत हो गई, जबकि अन्य झुलसे लोगों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है.









