चंदौली— सदर कोतवाली क्षेत्र में बाइक चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि अब न घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलें सुरक्षित हैं और न ही बाजार, अस्पताल या अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खड़े वाहन। बृहस्पतिवार को एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी होने की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक माह के दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र में बाइक चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। जिला अस्पताल परिसर, रिहायशी मोहल्लों, सड़कों और बाजारों से लगातार मोटरसाइकिलें चोरी हो रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश नहीं कर सकी है। अधिकांश मामलों में पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाता है, लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ पाती और चोरी गई बाइक का भी कोई सुराग नहीं मिल पाता। लोगों का आरोप है कि वारदात के बाद पुलिस केवल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने तक ही सीमित रह जाती है। प्रभावी गश्त और अपराधियों पर कार्रवाई के अभाव में बाइक चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत और नाराजगी दोनों बढ़ रही हैं। शहरवासियों ने पुलिस प्रशासन से बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने, संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाने और सक्रिय वाहन चोर गिरोह को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है, ताकि लोगों का पुलिस पर भरोसा कायम रह सके।
Chandauli Crime: न घर के बाहर सुरक्षित, न बाजार में… चंदौली में बेखौफ बाइक चोर, सदर कोतवाली में एक ही दिन में दो बाइक ले उड़े वाहन चोर, P-7 न्यूज पर पढ़े पूरी खबर
अगला लेख









