चंदौली—सैयदराजा थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोवध निवारण अधिनियम के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त गंगाधर पाण्डेय को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मार्च 2026 में छह गोवंश बरामदगी के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था और तभी से उसकी तलाश की जा रही थी.
पुलिस के मुताबिक, 25 मार्च 2026 को सैयदराजा पुलिस जेठमलपुर तिराहा स्थित NH-19 पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन के डाले में प्लास्टिक के कैरेटों के पीछे क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे गए सांड बरामद हुए.
वाहन पर कोई पंजीकरण नंबर अंकित नहीं था। पुलिस ने चेचिस नंबर के जरिए जांच की तो वाहन का पंजीकरण नंबर UP70LT9005 सामने आया, जो प्रयागराज निवासी गंगाधर पाण्डेय के नाम पंजीकृत था। विवेचना में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा —
उच्चाधिकारियों के निर्देशन और थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस व सर्विलांस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी. इसी क्रम में 27 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामिया अभियुक्त गंगाधर पाण्डेय अपने घर के पास मौजूद है.
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और प्राइमरी स्कूल के पास पान की गोमती से शाम 5:10 बजे गंगाधर पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि मामले में थाना सैयदराजा और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 42 वर्ष बताई गई है.









