चंदौली—जनपद में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंधीताली पुल का है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उपचार के लिए ले जाते समय युवक की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया.
जानकारी के मुताबिक , वाराणसी के असनाइगंज निवासी योगेश चन्द्र ने बताया कि 20 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे उनका छोटा भाई विकास गुप्ता (30 वर्ष) अपनी बाइक से रामनगर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कार्यालय जा रहा था. इसी दौरान सिंधीताली पुल पर एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
घायल विकास को उपचार के लिए ले जाया गया, जहां ट्रामा सेंटर में उसकी मौत हो गई. परिजनों की तहरीर के आधार पर अलीनगर पुलिस ने 25 नवंबर को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस दुर्घटना के संबंध में जांच-पड़ताल में जुटी हुई है. वहीं, युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।









