चंदौली— सड़क पार करना एक युवक के लिए जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ. सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीश सराय गांव के समीप नेशनल हाईवे पर सोमवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने घायल युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, जगदीश सराय गांव निवासी श्रीराम सोमवार को अपने घर जाने के लिए नेशनल हाईवे पार कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
बताया जाता है कि मृतक की पत्नी का भी करीब छह वर्ष पूर्व निधन हो चुका था. ऐसे में युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में घटना की जानकारी मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस संबंध में सदर कोतवाल त्रिवेणी सिंह ने बताया आसपास लगे सीसीटीवी को देखकर अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा रही है. हादसे के बाद एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क पार करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.









