मुगलसराय-पड़ाव मार्ग पर लतीफ हॉस्पिटल के सामने भोर में हुआ हादसा, सड़क पर खड़े भारी वाहन फिर उठे सवालों के घेरे में —
चंदौली—मुगलसराय-पड़ाव मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी ट्रक एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसे की वजह बन गई. बुधवार की भोर करीब चार बजे जलीलपुर थाना क्षेत्र के लतीफ हॉस्पिटल के सामने खड़ी ट्रक में पीछे से सवारियों से भरा ऑटो घुस गया. हादसे में ऑटो सवार 48 वर्षीय जितेंद्र रामायण यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल लतीफ हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. हादसे में ऑटो में सवार चार अन्य यात्री भी घायल हुए हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या UP67 T3260 लतीफ हॉस्पिटल के सामने सड़क पर खड़ी थी. इसी दौरान मुगलसराय की तरफ से सवारियां लेकर आ रहा ऑटो संख्या UP65 RT4587 अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा घुसा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार जितेंद्र यादव के सिर में गंभीर चोट आई. मृतक की उम्र करीब 48 वर्ष बताई गई है. वह महाराष्ट्र में नौकरी करते थे और मुंबई से अपने घर लौट रहे थे.
हादसे में घायल पीयूष यादव, तेज बहादुर यादव, आंचल यादव और अखिलेश यादव निवासी ग्राम मालपार, थाना मेहनगर, जनपद आजमगढ़ को भी चोटें आई हैं. सभी का उपचार लतीफ हॉस्पिटल में चल रहा है. पुलिस के अनुसार घायलों की स्थिति सामान्य है.
सूचना मिलते ही पीआरबी और जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की. सड़क पर खड़ी ट्रक खराब बताई गई, जिसे हटवाने के लिए क्रेन की व्यवस्था की गई. मृतक के परिजनों से संपर्क कर लिया गया है.
मुगलसराय से पड़ाव तक सड़क पर खड़े ट्रक बन रहे हादसों का खतरा —
इस दर्दनाक हादसे ने मुगलसराय से पड़ाव तक सड़क पर जगह-जगह खड़े होने वाले ट्रकों की समस्या को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है. सड़क किनारे और कई स्थानों पर मुख्य मार्ग के पास खड़े भारी वाहन दूसरे वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बन रहे हैं. विशेषकर रात और भोर के समय कम रोशनी तथा तेज रफ्तार के बीच सड़क पर खड़े ट्रक जानलेवा साबित हो सकते हैं.
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मुख्य मार्ग पर ट्रकों को खड़ा करने की अनुमति कैसे मिल रही है? क्या संबंधित विभाग और यातायात पुलिस इस समस्या से अनजान हैं? यदि समय रहते सड़क पर बेतरतीब खड़े भारी वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे हादसों पर अंकुश लगाना मुश्किल होगा.
एक युवक की जिंदगी चली गई, चार लोग घायल हो गए। अब जरूरत है कि मुगलसराय से पड़ाव तक सड़क पर खड़े होने वाले ट्रकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए, ताकि किसी दूसरे परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े.
।









