Chandauli News: चंदौली पुलिस में बड़े फेरबदल के बीच पांच इंस्पेक्टरों की भावुक विदाई! वर्षों तक संभाली कानून-व्यवस्था की कमान, गाजीपुर, आजमगढ़ और मिर्जापुर के लिए हुए रवाना, साथी पुलिसकर्मियों ने माला-फूल पहनाकर दी शानदार विदाई
चंदौली—आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस विभाग में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद चंदौली जनपद में लंबे समय तक विभिन्न थानों और महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारी संभालने वाले पांच प्रभारी निरीक्षकों की विदाई हुई. वर्षों तक जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की जिम्मेदारी निभाने वाले इन निरीक्षकों को साथी पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने माला-फूल पहनाकर सम्मानपूर्वक विदाई दी. विदाई के दौरान कहीं सम्मान और आत्मीयता दिखी तो कहीं लंबे साथ की यादों ने माहौल भावुक कर दिया.
चंदौली में अपनी सेवाएं देने के बाद इंस्पेक्टर सूर्य प्रकाश मिश्रा और हरिनारायण पटेल को आजमगढ़ एवं मिर्जापुर भेजा गया है, जबकि इंस्पेक्टर संतोष सिंह, संजय कुमार सिंह और गगनराज सिंह का स्थानांतरण भी गैर जनपदों में किया गया है. इन पांचों निरीक्षकों ने अलग-अलग समय पर चंदौली के कई महत्वपूर्ण थानों और पुलिस शाखाओं में अपनी जिम्मेदारी निभाई.
25 नवंबर 2026 को बलुआ थाने के समस्त पुलिसकर्मियों ने इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह को दी विदाई —
इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह: छह साल तक चंदौली में संभाली कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां —
2001 बैच के इंस्पेक्टर संतोष सिंह का चंदौली जनपद में करीब छह वर्षों का कार्यकाल रहा. वर्ष 2020-21 में उन्हें थाना अलीनगर में पहली बार प्रभारी निरीक्षक की जिम्मेदारी मिली. यहां उन्होंने करीब 17 महीने तक कार्यभार संभाला. इसके बाद लगभग चार महीने तक यूपी-112 प्रभारी रहे. फिर सदर कोतवाली की जिम्मेदारी मिली और कुछ समय बाद दोबारा डायल-112 प्रभारी बनाए गए.
26 अप्रैल 2021 तत्कालीन अलीनगर इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह —
इसके बाद उनका स्थानांतरण सैयदराजा हुआ. बीच में कुछ समय के लिए उनका तबादला भदोही जनपद भी हुआ. भदोही से दोबारा चंदौली वापसी के बाद उन्होंने 12 फरवरी 2025 को कार्यभार ग्रहण किया. इसके बाद करीब ढाई महीने तक मुगलसराय कोतवाल और साढ़े तीन महीने तक बलुआ थाने की जिम्मेदारी संभाली.
3 नवंबर 2021 में गरीबों को कंबल वितरण करते पुलिस कप्तान अंकुर अग्रवाल के साथ अलीनगर प्रभारीनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह—
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हुए तबादले में संतोष सिंह को मिर्जापुर जनपद भेजा गया है. उनके कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण थानों और पुलिस शाखाओं में दी गई सेवाओं को साथी पुलिसकर्मियों ने याद किया.
10 सितंबर 2026 बाबा कीनाराम जन्मोत्सव मेले की कमान संभाले बलुआ प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह —
इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह: सकलडीहा से चकिया तक संभाली कमान, 2 साल 9 महीने बाद गाजीपुर रवाना —
इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह फरवरी 2024 में चंदौली जनपद आए थे. यहां आने के दो दिन बाद उन्हें सकलडीहा कोतवाली का प्रभार सौंपा गया. करीब 11 महीने तक उन्होंने सकलडीहा कोतवाली की जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद कुछ समय पुलिस कार्यालय में रहे और फिर सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बनाए गए.
चकिया प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह—
सदर कोतवाली में करीब आठ महीने तक जिम्मेदारी निभाने के बाद उन्हें डायल-112 का प्रभारी बनाया गया, जहां उन्होंने छह महीने तक सेवाएं दीं. इसके बाद हाल ही में उन्हें चकिया कोतवाली का प्रभार सौंपा गया था. चकिया में करीब तीन महीने का कार्यकाल पूरा करने के बाद उनका स्थानांतरण गाजीपुर जनपद कर दिया गया.
16 सितंबर चकिया के लतीफशाह मेले की कमान संभाले प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह–
करीब 2 साल 9 महीने तक चंदौली में अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने वाले संजय कुमार सिंह को पुलिसकर्मियों ने भव्य विदाई समारोह आयोजित कर सम्मानित किया.
3 सितंबर 2026 को लतीफशाह बंधा ओवरफ्लो होने के बाद सैलानियों को हिदायत देते प्रभारी निरीक्षक चकिया —
गगनराज सिंह: सदर, मुगलसराय और अलीनगर में संभाली जिम्मेदारी, गाजीपुर हुआ तबादला —
इंस्पेक्टर गगनराज सिंह 15 नवंबर 2023 को भदोही जनपद से स्थानांतरित होकर चंदौली आए थे. तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने उन्हें चंदौली सदर कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया था. सदर कोतवाली में उन्होंने करीब 12 महीने तक जिम्मेदारी निभाई.
अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह –
10 अक्टूबर 2025 को मुगलसराय में तैनाती के दौरान चकिया तिराहे से रैली में शामिल प्रभारी निरीक्षक गंगन राज सिंह —
इसके बाद उन्हें मुगलसराय कोतवाली का प्रभार सौंपा गया, जहां करीब नौ महीने तक उन्होंने कार्यभार संभाला. मुगलसराय से हटाए जाने के बाद लगभग दो महीने तक पुलिस अधीक्षक के पीआरओ रहे. वर्तमान में करीब पांच महीने से अलीनगर थाने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.
मुगलसराय कोतवाली में तैनाती के दौरान प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह —
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हुए प्रशासनिक फेरबदल में उनका स्थानांतरण गाजीपुर जनपद कर दिया गया. साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें माला-फूल पहनाकर सम्मानपूर्वक विदाई दी.
इंस्पेक्टर सूर्य प्रकाश मिश्रा: 2 साल 10 महीने का कार्यकाल, धानापुर में मिली अलग पहचान —
इंस्पेक्टर सूर्य प्रकाश मिश्रा वर्ष 2023 में चंदौली जनपद आए थे। यहां उन्होंने मुगलसराय कोतवाली में अतिरिक्त प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दीं. इसके बाद बबुरी थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली और फिर धानापुर थाने का प्रभार मिला. धानापुर में करीब 2 साल 10 महीने का कार्यकाल पूरा करने के बाद उनका स्थानांतरण आजमगढ़ जनपद कर दिया गया.
31 अक्टूबर 2025 में बबुरी प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा द्वारा निकाली गई थी रैली —
उनकी विदाई के अवसर पर थाने के पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने माला-फूल पहनाकर सम्मानित किया. लंबे समय तक साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया.
थाना धानापुर में 25 नवंबर 2026 के दिन विदाई समारोह –
हरिनारायण पटेल: सर्विलांस से साइबर सेल और इलिया तक निभाई जिम्मेदारी, मिर्जापुर रवाना —
इंस्पेक्टर हरिनारायण पटेल 9 नवंबर 2023 को जौनपुर जनपद से स्थानांतरित होकर चंदौली आए थे. शुरुआत में उन्हें करीब आठ महीने तक सर्विलांस प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई. इसके बाद उनका स्थानांतरण कंदवा थाने पर हुआ, जहां उन्होंने करीब चार महीने तक कार्यभार संभाला.
इसके बाद उन्हें सकलडीहा कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया. यहां करीब आठ महीने तक जिम्मेदारी निभाई. सकलडीहा से हटाए जाने के बाद शहाबगंज में तैनाती हुई. फिर उन्हें साइबर प्रभारी बनाया गया, जहां करीब एक साल तक सेवाएं दीं.
25 नवंबर 2026 के दिन प्रभारी निरीक्षक को विदाई देते साथी पुलिसकर्मी —
वर्तमान में करीब दो महीने से इलिया थाने के प्रभारी निरीक्षक के रूप में तैनात थे. विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हुए तबादले में हरिनारायण पटेल को मिर्जापुर जनपद भेजा गया है. उनकी विदाई पर साथी पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए सम्मानपूर्वक विदा किया.
वर्षों की सेवाएं, यादगार रहा चंदौली का सफर —
चंदौली जनपद में अलग-अलग थानों और पुलिस शाखाओं की जिम्मेदारी संभालने वाले इन पांचों निरीक्षकों का स्थानांतरण पुलिस विभाग में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चल रहे प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है. किसी ने मुगलसराय की कमान संभाली तो किसी ने सदर, सकलडीहा, अलीनगर, धानापुर, चकिया और इलिया जैसे महत्वपूर्ण थानों में सेवाएं दीं.
विदाई समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों ने अपने साथ बिताए समय को याद किया और सभी निरीक्षकों को नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं. चंदौली में बिताए कार्यकाल की यादों के साथ पांचों इंस्पेक्टर अब नई जिम्मेदारी संभालने के लिए रवाना हो गए.