चंदौली—मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंधासी पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक नाई का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच शुरू कर दी.
मृतक की पहचान मनोज शर्मा (44) पुत्र मार्कंडेय, निवासी पालपुर, थाना शहाबगंज के रूप में हुई है. बताया गया कि मनोज चंधासी में अपने रिश्ते के जीजा के भाई अनिल शर्मा के साथ नाई का काम करता था. वह रोजाना की तरह दुकान पर काम करता था, लेकिन रविवार सुबह दुकान पर नहीं पहुंचा.
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मनोज शनिवार को अपने तीन दोस्तों के साथ शराब पी रहा था और देर तक इधर-उधर घूमता रहा. इसके बाद सुबह चंधासी पेट्रोल पंप के पास उसका शव मिला. मौके की परिस्थितियों और शरीर पर मिले चोट के निशानों के आधार पर प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है.
मामले में पुलिस ने दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बताए जा रहे ऑटो को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया है. वहीं पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मृतक के साथ मौजूद रहे लोगों से भी पूछताछ किए जाने की बात सामने आ रही है, जिससे घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस घटनास्थल, क्षतिग्रस्त ऑटो और घटनाक्रम से जुड़े सभी बिंदुओं की पड़ताल में जुटी है.









