चंदौली—अलीनगर थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव के समीप नेशनल हाईवे पर शनिवार की सुबह करीब छह बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. आगे चल रहे डंपर में पीछे से ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में ट्रक चला रहे 20 वर्षीय परिचालक की मौत हो गई.
मृतक की पहचान रमेश यादव (20) पुत्र रंगनाथ, निवासी कोचस, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि ट्रक चालक को नींद आने के कारण उसने वाहन की कमान परिचालक रमेश को सौंप दी थी. रमेश ट्रक लेकर आगे बढ़ रहा था, इसी दौरान झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर से जा भिड़ा.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और रमेश गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आगे चल रहा डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
हादसे की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. पुलिस फरार डंपर और उसके चालक की तलाश में जुटी है.









