आरा/डीडीयू—पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर रविवार तड़के बड़ा रेल हादसा टल गया.अलीपुरद्वार जंक्शन से दिल्ली जा रही 15483 महानंदा एक्सप्रेस आरा स्टेशन के पास पटरी से उतर गई. हादसे के दौरान इंजन के साथ एसएलआर और एच-1 कोच के पटरी से उतरने की जानकारी सामने आई है. रेलवे के मुताबिक एक कोच का एक पहिया डिरेल हुआ था. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है.
आरा स्टेशन के पास बिगड़ा ट्रेन का परिचालन —
बताया गया कि ट्रेन रविवार सुबह करीब 4:12 बजे आरा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी. ट्रेन को वहां से दिल्ली की दिशा में आगे बढ़ना था. इसी दौरान परिचालन से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी के चलते ट्रेन का सिग्नल सासाराम लाइन की ओर चला गया. ट्रेन आगे बढ़ी तो स्टेशन से करीब 200 मीटर की दूरी पर अप लाइन में डिरेल हो गई.
डिरेलमेंट के बाद मौके पर पहुंची रेलवे की टीम —
ट्रेन के पटरी से उतरते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, तकनीकी कर्मचारी और राहत दल मौके पर पहुंचे. तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया. रेलवे की टीम ने पटरी से उतरे हिस्सों को दोबारा ट्रैक पर लाने का काम शुरू किया.
करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद महानंदा एक्सप्रेस को रवाना कर दिया गया, जबकि डिरेल हुए हिस्सों की मरम्मत और ट्रैक की जांच का काम जारी रहा.
कई ट्रेनों के संचालन पर पड़ा असर —
महानंदा एक्सप्रेस के डिरेल होने का असर दिल्ली-हावड़ा रूट के रेल परिचालन पर भी पड़ा। हादसे के कारण कई ट्रेनों के संचालन में देरी हुई. वंदे भारत, विभूति एक्सप्रेस, गांधीधाम, कैपिटल एक्सप्रेस, इंटरसिटी, गरीब रथ, पैसेंजर और उधना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के प्रभावित होने की जानकारी है.
सिग्नल सिस्टम पर उठे सवाल, जांच में जुटे अधिकारी —
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेन का सिग्नल सासाराम लाइन की तरफ कैसे चला गया. रेलवे की तकनीकी टीम ट्रैक, सिग्नल और परिचालन व्यवस्था की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही डिरेलमेंट की वास्तविक वजह सामने आएगी.
वहीं, घटना के मामले में आरा स्टेशन के स्टेशन मैनेजर एनके राय को निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई है. रेलवे पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी और तकनीकी खामी की जांच कर रहा है.
गनीमत रही कि तड़के हुए इस हादसे के बावजूद किसी यात्री की जान नहीं गई. रेलवे की टीम अब परिचालन को पूरी तरह सामान्य करने में जुटी है.









