चंदौली— जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना नेशनल हाईवे के पास शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सड़क किनारे खड़े 72 वर्षीय वृद्ध को तेज रफ्तार ट्रेलर ने रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
मृतक की पहचान सिधारी पाठक (72 वर्ष), निवासी गोधना, थाना अलीनगर के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वृद्ध सड़क किनारे खड़े थे, तभी लापरवाह ट्रेलर चालक उन्हें चपेट में लेते हुए आगे निकल गया.
हादसे के बाद चालक ट्रेलर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है. घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. मौके पऱ काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. इस संबंध में आलू मिल चौकी प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि वाहन को कब्जे में ले लिया गया है. चालक की तलाश की जा रही है. शव को कब्जे में लेकर अन्य विधि कार्रवाई की जा रही है.









