वाराणसी—कैंट थाना क्षेत्र के मिंट हाउस, नदेसर स्थित कथित जुए के अड्डे पर बुधवार को डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नागायच और एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी की. पुलिस की कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई.
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की दबिश के दौरान कई जुआरी मौके से भागने में सफल रहे, जबकि तीन लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है. कई लोगों कों भागने में चोट भी आई है. पुलिस को मौके से बड़ी संख्या में ताश की गड्डियां, एक कैश काउंटिंग मशीन तथा कुल 38 दुपहिया और 10 चारपहिया वाहन मिले हैं. बरामद सामान और वाहनों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है.
इस कार्रवाई के बाद शहर में अवैध जुए के कारोबार को लेकर फिर चर्चा तेज हो गई है. स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि वाराणसी के सिगरा, जैतपुरा, रोहनियाँ और नरोत्तमपुर जैसे क्षेत्रों में संचालित बताए जा रहे कथित जुए के अड्डों पर पुलिस कब कार्रवाई करेगी.
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान और बरामदगी का अंतिम विवरण सामने आना बाकी है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.










