चंदौली—जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. जिला अस्पताल परिसर के बाद अब चंदौली कचहरी परिसर से एक अधिवक्ता की मोटरसाइकिल चोरी हो जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.
बलुआ थाना क्षेत्र के मझिलेपुर के गांव निवासी अधिवक्ता सुनील कुमार दुबे 16 जुलाई को रोज की भांति न्यायालय पहुंचे थे. उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP 61 AQ 7155 स्लेटी कलर की कचहरी के गेट के पास सड़क किनारे नाली पर खड़ी कर दी थी. शाम करीब चार बजे जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक वहां से गायब थी.काफी देर तक आसपास तलाश करने के बावजूद मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चला. इसके बाद अधिवक्ता ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही जिला अस्पताल परिसर से भी मोटरसाइकिल चोरी की घटना सामने आई थी. अब कचहरी जैसे संवेदनशील परिसर से बाइक चोरी होने के बाद लोगों में दहशत है और पुलिस की गश्त व सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
स्थानीय अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि न्यायालय परिसर में ही वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है. उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द बाइक बरामद कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है.










