Jai tiwari ——
चंदौली— जिले के मुगलसराय थाना क्षेत्र के दुल्हीपुर इलाके में कथित तौर पर लॉटरी के नंबरों पर दांव लगाने का काला खेल धड़ल्ले से संचालित होने की चर्चा है. वाराणसी जिले में कई स्थानों पर लॉटरी के जुआ फड़ पर पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस नेटवर्क को चंदौली जिले में खड़ा किया जा रहा है. दुल्हीपुर देशी शराब ठेका से 300 मीटर आगे मुख्य सड़क के किनारे एक दुकान पर खुलेआम लॉटरी का जुआ खेलवाया जा रहा है. सूत्रों की माने तो देशी शराब ठेका से कुछ दूरी पर स्थित दुकान के बाहर सुबह से ही जुआड़ियों की भीड़ जुटने लगती है. यहां कथित तौर पर लॉटरी के नंबरों पर दांव लगाया जाता है. 12 रुपये में बिकने वाले लॉटरी का टिकट खुलने पर दाव लगाने वाले को 100 रुपये मिलता है. हर 15 मिनट पर लॉटरी का नंबर खुलता है. इस खेल में रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपनी किस्मत आजमाने पहुंच रहे हैं, और इसे चलाने वाले लाखों कमाते हैं. सुबह शुरू होने वाली यह गतिविधि रात 9:45 बजे तक चलती है.
बनारस के हिश्ट्रीसीटर के द्वारा जुआ सिंडिकेट चलाने की चर्चा —
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि इस पूरे नेटवर्क के तार वाराणसी से जुड़े कुछ लोगों तक पहुंचते हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बनारस के जैतपुरा थाना क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर दुल्हीपुर में लॉटरी का जुआ चला रहा है. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. फिलहाल मुगलसराय पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. ऐसे में क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है.









