वाराणसी— चिरईगांव चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विकास मौर्य को लगातार गाली-गलौज और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दिए जाने का मामला सामने आया है. प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान रेवती रमन पाण्डेय निवासी चिरईगांव के रूप में हुई है. उस पर लिटिल फ्लावर विद्यालय, संदहा के खिलाफ बार-बार झूठी शिकायतें देकर पुलिस को गुमराह करने का आरोप है. जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में उक्त विद्यालय में गार्ड के पद पर कार्यरत था, लेकिन आचरण ठीक न पाए जाने पर उसे सेवा से हटा दिया गया था. बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी लगातार फर्जी प्रार्थना पत्र देता रहा. जब पुलिस जांच में शिकायतें निराधार पाई गईं और रिपोर्ट दर्ज हुई, तो आरोपी ने फोन कॉल, व्हाट्सएप संदेश और आईजीआरएस के माध्यम से चौकी प्रभारी पर दबाव बनाने की कोशिश शुरू कर दी. थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी.
फोन, व्हाट्सएप और आईजीआरएस से नहीं बना दबाव तो सीधे चिरईगांव चौकी प्रभारी को दी जान से मारने की धमकी, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अगला लेख





