गाजीपुर—वाराणसी में कथित जुए के अड्डों पर पुलिस का शिकंजा कसने के बाद अब गाजीपुर में जुए के खेल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जिले में कथित तौर पर बड़े दांव के साथ जुए का फड़ सजने की चर्चाओं ने पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा यह भी है कि इस पूरे मामले में दो क्राइम ब्रांच की गतिविधियां और उनके बीच की भूमिका भी जांच का विषय हो सकती है।
बताया जा रहा है कि वाराणसी में कार्रवाई का दबाव बढ़ने के बाद जुए से जुड़े कुछ कथित नेटवर्कों की गतिविधियां गाजीपुर की ओर बढ़ने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि जिले में बड़े पैमाने पर जुए का खेल संचालित होने की बात सही है तो स्थानीय कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं है?
मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। क्या पुलिस को कथित जुए के फड़ों की जानकारी है? क्या इन गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है? और यदि शिकायतें सामने आ रही हैं तो अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? इन सवालों का जवाब पुलिस प्रशासन की जांच और कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
अब निगाहें गाजीपुर पुलिस के आला अधिकारियों पर टिकी हैं। जरूरत है कि कथित जुए के अड्डों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो इसमें शामिल लोगों के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों की जिम्मेदारी भी तय की जाए। फिलहाल गाजीपुर में कथित जुए के खेल को लेकर उठ रही चर्चाओं ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर बहस छेड़ दी है।









